बिल्डर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार सहारनपुर के चर्चित कारोबारी अजय कुमार गुप्ता का उत्तराखंड से लेकर दक्षिण अफ्रीका तक विवादों से नाता रहा है। अजय गुप्ता का उत्तराखंड में खासा रुतबा रहा है। पूर्व में सरकार की ओर से उसे जेड प्लस सुरक्षा भी दी गई। यही नहीं, अजय गुप्ता ने अपने बेटे की शादी का रिस्पेशन चमोली के पर्यटक स्थल औली में कराया था, जिसे लेकर भी विवाद हुआ था। वर्ष 2018 के दौरान दक्षिण अफ्रीका में विशाल साम्राज्य खड़ा करने वाले अजय गुप्ता व उसके भाइयों के घरों में जोहान्सबर्ग पुलिस ने छापेमारी की थी। उस दौरान पुलिस ने परिवार के एक सदस्य को गिरफ्तार भी किया। गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के करीबी थी, जिसके चलते अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस (एएनसी) के दबाव के कारण जुमा को राष्ट्रपति पद छोड़ना पड़ा। बताया जा रहा है कि अजय गुप्ता वर्ष 1993 में कारोबार के लिए दक्षिण अफ्रीका चले गए थे। उनके पिता शिव कुमार सहारनपुर में राशन दुकान चलाते थे। यहां उनका पुश्तैनी मकान भी था। अजय गुप्ता ने पहले दिल्ली के एक होटल में नौकरी की। भाई राजेश गुप्ता व अतुल के साथ मिलकर दक्षिण अफ्रीका में कारोबार शुरू किया।
गुप्ता बंधुओं का उत्तराखंड से पुराना नाता
आरोपित अजय गुप्ता का दून से पुराना कनेक्शन रहा है। वर्ष 2018 में उसे उत्तराखंड शासन की ओर से जेड प्लस सुरक्षा प्रदान की गई थी। जब भी वह दून आता था तो सुरक्षा उसके साथ रहती थी। आरोपित की कर्जन रोड क्षेत्र में कोठी है। सूत्रों की मानें तो कोठी करीब 25 बीघा जमीन में बनी है। यहां सुरक्षाकर्मियों को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं है। गुप्ता बंधुओं के पुराने और कुछ खास लोगों के ऊपर अंदर की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी है।
औली में बेटे की शादी का रिसेप्शन भी रहा था विवादित
अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत की शादी का रिसेप्शन चमोली जिले के औली में शाही अंदाज में हुआ था। इस समारोह में कचरा फैलाने पर जोशीमठ नगरपालिका प्रशासन ने गुप्ता बंधुओं पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। कई दिनों तक यह मामला इंटरनेट मीडिया पर छाया रहा।
छोटे बिजनेस से बना दिया अरबों का साम्राज्य
अजय गुप्ता के पिता शिव कुमार अपनी पत्नी के साथ सहारनपुर के रानी बाजार में रहते थे और राशन की दुकान चलाते थे। वर्ष 1994 में शिव कुमार के निधन के बाद अजय गुप्ता चार्टर्ड एकाउंटेंट बनने की मंशा से दिल्ली चले गए। 1995 से अजय गुप्ता लगातार दक्षिण अफ्रीका बिजनेस ट्रिप पर जाने लगे और उनके साथ उनके भाई अतुल भी वहां कारोबार फैलाने में जुट गए। 1997 में राजेश गुप्ता भी दक्षिण अफ्रीका बिजनेस के लिए पहुंच गए। वर्ष 2003 में अजय भी साउथ अफ्रीका शिफ्ट हो गए। अजय कुमार गुप्ता ने अपनी बहन अंचला की शादी उत्तराखंड के व्यापारी अनिल गुप्ता से करवाई थी।
You may also like
-
गंभीर बीमारी के बावजूद ट्रांसफर से अधिकारी की मौत मामले में हाईकोर्ट सख्त, सरकार और स्वास्थ्य महानिदेशक को नोटिस
-
हर महीने 9 तारीख को बजेगा भूकंप का सायरन, घबराने की जरूरत नहीं, जानें क्यों लिया फैसला?
-
भागीरथी कैचमेंट क्षेत्र के जंगलों में पुनर्जीवन संकट! 22 फीसदी प्रजातियों की अगली पीढ़ी गायब, स्टडी रिपोर्ट
-
नाना पाटेकर ने रात 2.30 बजे दोस्त को किया था मैसेज, बोले थे- मेरी तबीयत ठीक नहीं है, डॉक्टर का खुलासा
-
रूसी लैब में कर्मचारी की मौत पर WHO ने मांगी जानकारी, प्लेग की आशंका, खतरे का अभी पता नहीं