उत्तरकाशी में देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए. जिससे लोग दहशत में आ गए और घबराकर घरों से बाहर निकले.![]()
उत्तरकाशी (उत्तराखंड): उत्तरकाशी जिले में बीती देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई. यमुना घाटी से लेकर गंगा घाटी तक कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. झटका इतना तेज था कि कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए. देर रात अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के बारे में जानकारी लेते नजर आए. हालांकि, राहत की बात यह रही कि भूकंप के कारण जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बीती देर रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के नजदीक राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया जा रहा है. रात का समय होने के कारण भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.
कई परिवारों ने कुछ समय तक घरों में वापस जाने से भी परहेज किया. ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में लोग मोबाइल फोन के माध्यम से अपने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेते रहे. यमुना घाटी के साथ ही उत्तरकाशी और गंगा घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है. भूकंप के झटके महसूस होने के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र भी सक्रिय हो गया. जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जानकारी जुटाई गई.
प्रशासन की ओर से तहसील और संबंधित विभागों से भी स्थिति की जानकारी ली गई. फिलहाल कहीं से भवनों में दरार, सड़क क्षतिग्रस्त होने, भूस्खलन अथवा अन्य किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली है. आए इस भूकंप के झटके ने लोगों की चिंता बढ़ा दी. हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार केवल एक भूकंप के झटके के आधार पर किसी बड़े भूकंप की भविष्यवाणी नहीं की जा सकती. प्रशासन ने भी लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है.उत्तरकाशी भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील जनपद माना जाता है. जिले के कई हिस्से भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आते हैं.
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को भी इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद संबंधित क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी ली गई. भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई है और इसका केंद्र उत्तरकाशी जिले के बड़कोट राजगढ़ी के आसपास में करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था. फिलहाल जनपद में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.
-शार्दुल गुसांई,आपदा प्रबंधन अधिकारी-
आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है. रात में आए भूकंप के झटकों के बाद लोगों ने एहतियात के तौर पर कुछ देर तक खुले स्थानों पर रहना बेहतर समझा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भूकंप के दौरान घबराएं नहीं और सुरक्षित स्थान पर रहें. साथ ही किसी भी प्रकार की आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना दें. फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बताई जा रही है. प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं.
You may also like
-
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक से पहले सीएम धामी और मंत्रियों ने की गंगा पूजा, प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की
-
U19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उत्तराखंड ने असम को 255 रन से रौंदा, लड़कियों ने बिहार को 71 रन से दी शिकस्त
-
राजनीतिक मंत्र सीखेंगे भाजपा के चुनावी सिपहसालार, दिग्गजों का विधानसभाओं तक पहुंचेगा संदेश
-
उत्तराखंड को जल्द मिलेगी 3,704 करोड़ की 528 नई सड़कों की मंजूरी, ग्रामीण इलाकों को जोड़ेंगी 2,850 किमी रोड
-
INDIA गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट मार्च आज, राजीव चौक समेत दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद