टीका विवाद से फिर चर्चाओं में दुष्यंत गौतम, कांग्रेस ने घेरा, सनातन के अपमान का लगाया आरोप

दुष्यंत गौतम हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे.

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं. उत्तराखंड दौरे के पहले दिन नितिन नवीन ने हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया. इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ ही प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी शामिल हुए. प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए जब सभी नेता कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हो रहे थे. उस दौरान स्वागत के लिए खड़ी महिलाओं ने सभी नेताओं के साथ प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का भी स्वागत करते हुए उन्हें टीका लगाया, मगर उन्होंने थोड़ी ही देर में रुमाल से टीका पोंछ दिया.

दुष्यंत गौतम के रूमाल से टीका पोंछने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. साथ ही मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को बैठे बिठाए एक ओर बड़ा मुद्दा मिल गया है.

दुष्यंत गौतम जिनके ऊपर पहले से ही आरोप लगा हुआ है, जिसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई है, लेकिन अभी तक दुष्यंत गौतम को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया गया, जबकि देवभूमि में उनका स्वागत किया जा रहा है, जो शर्मनाक बात है. इनके माथे पर तिलक लगाने का काम नहीं करना चाहिए था, क्योंकि ये उस लायक नहीं हैं, लेकिन फिर जो लोग इनके माथे पर बेशर्मी की तरह तिलक लगा रहे हैं, आप तिलक लगाते ही पोंछ दे रहे हैं, जो बता रहा है कि दुष्यंत गौतम देवभूमि और सनातन धर्म का कितना सम्मान करते हैं.

-डॉ प्रतिमा सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा सनातन धर्म में टीका यानी तिलक एक पूजनीय होता है, जो माथे की शोभा बढ़ाने के साथ साथ गौरवान्वित महसूस करता है. ऐसे में बहुत ही शर्म की बात है कि जो पार्टी अपने आपको जनता के सामने और जनता को भ्रमित के लिए सनातन का पाठ पढ़ाती है वो खुद ही सनातन का सम्मान नहीं करती है. ऐसे में दुष्यंत गौतम को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा दुष्यंत गौतम ने देवभूमि में आकर तिलक का अपमान किया है.

दरअसल, आगामी साल 2027 में होने के वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी को मजबूत और जरूरी दिशा निर्देश देने को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के कुमाऊं दौरे पर हैं. जिसके पहले दिन उन्होंने भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी, प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष के साथ राज्य कोर कमेटी की बैठक ली. साथ ही बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि साल 2027 के चुनाव में उत्तराखंड का संदेश देश तक जाएगा. हमारे संगठन के 19 जिले, 304 मंडल, 2835 शक्ति केंद्र, 12,543 बूथ हमारी ताकत बनेंगे. इस पर हम सभी को जोर देना है.

Categories