Ranikhet Dumping Zone Fire Incident रानीखेत में डंपिंग जोन की आग ने दो वाहनों को अपनी चपेट में लिया. फायर ब्रिगेड ने बड़ा हादसा टाला.
अल्मोड़ा: रानीखेत तहसील क्षेत्र के गनियाद्योली स्थित एसएसबी सीमांत मुख्यालय के पास डंपिंग जोन में अचानक आग लगने से दो वाहन इसकी चपेट में आ गए. आग की चपेट में आने से एक अल्टो कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि दूसरा वाहन करीब 30 प्रतिशत तक जल गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा होने से टल गया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
गौर हो कि गनियाद्योली स्थित एसएसबी कैंप के पास डंपिंग जोन में बीती रात अचानक आग धधकने लगी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े दो वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही एफएसएसओ गणेश चंद्र के नेतृत्व में फायर यूनिट बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंची. मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि डंपिंग जोन में आग तेजी से फैल रही थी और उसके समीप खड़े दो वाहन जल रहे थे. अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आग बुझाने का प्रयास किया.
रानीखेत के गनियाद्योली में आग लगने की सूचना मिली, तुरंत टीम को मौके पर भेजा. वहां पाया कि डंपिंग जॉन में आग लगी है और उसके पास खड़े दो वाहन आग की चपेट में आ गए हैं. टीम ने समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पाया, अभी आग लगने का कारण पता नहीं लग सका है.
-गणेश चंद्र, अग्निशमन अधिकारी रानीखेत
काफी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. हालांकि तब तक अल्टो कार संख्या यूके 01 टीए 2669 पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. वहीं, दूसरा वाहन संख्या यूके 01 बी 4961 भी करीब 30 प्रतिशत तक आग से क्षतिग्रस्त हो गया. घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा और उसने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया. गनीमत रही कि आग आसपास के अन्य वाहनों और क्षेत्र में फैलने से पहले ही बुझा दी गई. इससे एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
You may also like
-
कैंची धाम के पास भीषण हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी बरेली के पर्यटकों की कार, 1 की मौत, 4 घायल
-
26 साल बाद भी आंदोलनकारियों के हक अधूरे, धामी सरकार की कैबिनेट कमेटी से जगी उम्मीद, विपक्ष ने उठाए सवाल
-
‘मैं सीएम की रेस से बाहर, पहला मकसद 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना’ हरीश रावत
-
अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा वाहन, तीन लोगों की मौत
-
लालकुआं में पुलिस और नगर पंचायत आमने-सामने, अध्यक्ष ने किया पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान, पढ़ें पूरी खबर