उत्तराखंड के कई पहाड़ी इलाकों में लकड़ी के नक्काशी वाले घर हैं. इनको आग से बचाना सबसे बड़ी चुनौती रहती है. रिपोर्ट- किरणकांत शर्मा
देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लकड़ी और पत्थर से बने पारंपरिक मकान, यहां की पहचान रहे हैं. लेकिन अब यही मकान ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन रहे हैं. पहाड़ों में आग लगने की एक छोटी सी घटना देखते ही देखते बड़े अग्निकांड में तब्दील हो जाती है और कई बार पूरा गांव इसकी चपेट में आ जाता है. हाल ही में उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर इस खतरे को सामने ला दिया है.
24 नवंबर 2026, मंगलवार देर शाम पवाणी गांव में आग की चपेट में आने से लकड़ी के 33 आवासीय मकान, पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय जलकर राख हो गए. इस घटना से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं. आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों और राहत-बचाव दलों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी. हादसे का कारण गैल सिलेंडर फटना बताया गया है. एक घर से फैली आग ने आगे के सभी घरों को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, बड़ी राहत यह रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई. लेकिन इन परिवारों के सामने अब दोबारा घर बसाने का संकट खड़ा हो गया है.
दो दशक में मोरी क्षेत्र के 450 से अधिक भवन प्रभावित: यह अग्निकांड, इस क्षेत्र में कोई पहली बड़ी घटना नहीं है. उत्तरकाशी का मोरी क्षेत्र पिछले करीब दो दशकों से आग की घटनाओं से जूझ रहा है. उपलब्ध घटनाक्रमों के मुताबिक, वर्ष 2006 में ढाटमीर गांव में आग से 120 भवन क्षतिग्रस्त हुए थे और एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी. दिसंबर 2007 में ओसला गांव में 53 मकान आग की भेंट चढ़ गए थे. इस अग्निकांड में 83 पशुओं की मौत भी हुई.
सावणी से मसरी और सालरा तक आग ने मचाई तबाही: आग की घटनाओं का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, फरवरी 2018 में सावणी गांव में भीषण अग्निकांड हुआ, जिसमें 39 मकान जलने की घटना सामने आई और करीब 100 मवेशियों की मौत हुई. वर्ष 2020 में मसरी गांव में 28 भवन पूरी तरह जल गए. जबकि 8 अन्य भवनों को भारी नुकसान पहुंचा. वर्ष 2022 में गंगाड़ गांव में दो भवन आग की चपेट में आए.
मई 2024 में सालरा गांव में लगी आग से 10 मकान पूरी तरह जल गए और चार मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए. इस घटना में 6 लोग घायल हुए थे. जनवरी 2025 में एक बार फिर सावणी गांव में आग ने तबाही मचाई. इस दौरान 9 मकान और 5 अन्न भंडार जल गए. 15 से 16 परिवार प्रभावित हुए और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. अब नवंबर 2026 में पवाणी गांव में 33 मकानों के जलने की घटना ने एक बार फिर पहाड़ों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हालांकि, इस घटना के बाद आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने पवाणी गांव का हवाई सर्वेक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक राहत उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे. प्रभावित लोगों की सुरक्षा, भोजन, पेयजल, आवासीय व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए. जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का निरंतर आकलन करने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त राहत सामग्री एवं अन्य संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
कुमाऊं में भी आग से उजड़ रहे पहाड़ी परिवार: गढ़वाल के साथ कुमाऊं मंडल में भी पहाड़ी मकानों में आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं. पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र के भामा गांव में 1 अप्रैल 2025 को मकान में आग लगने से एक बीमार वृद्ध महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई थी. अक्टूबर 2025 में थल क्षेत्र के बल्याऊं गांव में दिवाली की रात 2 मंजिला मकान में आग लग गई थी. इस घटना में पूरा मकान जल गया और परिवार की बेटी की शादी के लिए रखे जेवर और नकदी भी आग की भेंट चढ़ गए. इन घटनाओं से साफ है कि कुमाऊं के दूरस्थ गांव भी इस खतरे से अछूते नहीं हैं.
नैनीताल में भी आग ने निगली लकड़ी की ऐतिहासिक विरासत: नैनीताल जैसे पर्यटन और ऐतिहासिक महत्व वाले शहर में भी लकड़ी से बनी पुरानी इमारतें अग्निकांड की चपेट में आती रही हैं. मार्च 2026 में नैनीताल के वार्ड नंबर सात में स्थित ब्रिटिशकालीन ऐतिहासिक कोठी ग्लेनमोर में भीषण आग लग गई थी. यह कोठी मुख्य रूप से लकड़ी से बनी हुई थी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी इमारत जलकर मलबे में तब्दील हो गई. हादसे के समय कोठी में दो परिवार रह रहे थे. गनीमत रही कि दोनों परिवारों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
162 साल पुराना ओल्ड लंदन हाउस भी आग में हुआ खाक: नैनीताल में ही लकड़ी की ऐतिहासिक इमारतों पर आग का कहर इससे पहले भी देखने को मिला है. वर्ष 2025 में 162 साल पुराना ऐतिहासिक भवन ओल्ड लंदन हाउस भी भीषण अग्निकांड में जलकर राख हो गया था. औपनिवेशिक दौर की इस इमारत को नैनीताल की ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा माना जाता था. पुराने लकड़ी के ढांचे के कारण आग तेजी से फैली और इमारत को भारी नुकसान पहुंचा. इस घटना में एक महिला की मौत जलकर हो गई थी.
भवाली बाजार में पांच दुकानें और मकान स्वाहा: जून 2025 में नैनीताल जिले के भवाली बाजार में भी भीषण अग्निकांड हुआ था. देवी मंदिर के पास एक दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते आसपास की चार अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में पांच दुकानें और उनके ऊपर बने मकान जलकर राख हो गए. आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
पुराने पहाड़ी मकानों तक पहुंच रही जंगल की आग: अप्रैल 2024 में नैनीताल जिले के सिलोनी ग्राम पंचायत के तोक नासूल में जंगल की आग की चपेट में दो परिवारों के संयुक्त पुराने शैली के मकान आ गए थे. आग से मकानों की छत और सूखी घास को नुकसान पहुंचा था. दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया था.
ऐतिहासिक विरासत से लेकर ग्रामीण घरों तक एक जैसी चुनौती: पद्मविभूषण सुंदर लाल बहुगुणा के बेटे और पर्यावरणविद् राजीव नयन बहुगुणा कहते हैं कि, नैनीताल की ग्लेनमोर कोठी ओल्ड लंदन हाउस, भवाली बाजार की घटना या उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र के गांवों में लगातार हो रहे अग्निकांड, इन घटनाओं में एक बात समान दिखाई देती है कि लकड़ी से बने पुराने भवनों में आग तेजी से फैलने का खतरा रहता है. ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पानी और दमकल की पहुंच बड़ी चुनौती है, वहीं नैनीताल जैसे शहरों में पुरानी इमारतों की बनावट संकरी गलियां और फायर हाइड्रेंट में पानी की उपलब्धता अहम होनी चाहिए, जो कि यहां नहीं हैं.
जरूरी है कि सरकार केवल अग्निकांड के बाद राहत और मुआवजे तक सीमित न रहे, बल्कि पुराने लकड़ी के भवनों और संवेदनशील गांवों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराकर स्थायी इंतजाम करे. इसके लिए गांव में छोटे छोटे ऐसे पॉन्ड बनाए जा सकते हैं या जलयोजना के माध्यम से ग्रामीण ही आग पर काबू पा सके, इस तरह की कोई व्यवस्था होनी चाहिए. हालांकि पहाड़ों में एक से दूसरे घरों की दूरी भी बहुत अधिक होती है. लेकिन ये काम बड़े गांव में हो सकता है.
ऐसे गांवों में केवल दमकल की बड़ी गाड़ियां भेजना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गांव के स्तर पर अग्निशमन व्यवस्था तैयार करनी होगी, जिन गांवों में दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंच सकती, वहां बड़े पानी के टैंक, पोर्टेबल पंप, अग्निशमन यंत्र और स्थानीय युवाओं की प्रशिक्षित टीमें तैयार की जानी चाहिए. पुराने लकड़ी के मकानों में बिजली की वायरिंग की नियमित जांच होनी चाहिए. रसोई और चूल्हे के आसपास अग्निरोधक सामग्री का इस्तेमाल किया जाना चाहिए.
– राजीव नयन बहुगुणा, पर्यावरणविद-
आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन कहना है कि,
‘यह गंभीर समस्या है और इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए हम भारत सरकार के साथ मिलकर कुछ बेहतर प्लान कर रहे हैं. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. हम जल्द इसका पूरा खाका तैयार करके सार्वजनिक करेंगे’.
उनसे पूछा गया कि इस दिशा में किस तरह का काम हो सकता है? इस पर उन्होंने कहा, अभी पूरी रूपेखा तैयार होने के बाद बताया जाएगा.
जंगलों की आग के आंकड़े भी बढ़ा रहे चिंता: पहाड़ों में आग का खतरा केवल रिहायशी मकानों तक सीमित नहीं है. जंगलों में आग की घटनाएं भी हर साल बड़ी चुनौती बनती है. वन विभाग के 25 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार,
- उत्तराखंड में इस वर्ष जंगलों में आग की कुल 657 घटनाएं दर्ज की गईं.
- इनमें 427 घटनाएं गढ़वाल क्षेत्र और 118 घटनाएं कुमाऊं क्षेत्र में दर्ज हुईं. जबकि अन्य घटनाएं प्रदेश के दूसरे हिस्सों में हुईं.
- इन घटनाओं से कुल 592.75 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ.
- वर्ष 2024 में एक फरवरी से 24 अप्रैल के बीच राज्य में जंगलों में आग की 7,122 घटनाएं दर्ज की गई थीं. जबकि वर्ष 2023 में इसी अवधि में 2,714 घटनाएं सामने आई थीं.
You may also like
-
हरिद्वार पुलिस विभाग में फिर बड़ा फेरबदल, 13 इंस्पेक्टरों के तबादले, 81 दारोगा भी ट्रांसफर, कई को मिली कोतवाल की जिम्मेदारी
-
देहरादून के कालसी में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी जीप, 2 की मौत 5 लोग घायल
-
देहरादून में बुजुर्ग दंपती के घर में हुई 12 लाख की लूट का 36 घंटे में खुलासा, 3 गिरफ्तार, केयरटेकर निकला मास्टरमाइंड
-
EC ने 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के CEO से SSR के बीच वोटर डिटेल्स को SIR डेटा से क्रॉस-चेक करने को कहा
-
चाइनीज फिल्म स्टार देव रतूड़ी बनाएंगे उत्तराखंडी फिल्में, केमसोर स्टूडियो किया शुरू, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मौका