प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत उत्तराखंड में कार्य कर रही कंपनियों ने 1796 युवाओं को प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव दिया है। इसके दृष्टिगत शासन ने सभी जिलों व विभागों को पत्र भेजकर इस योजना के प्रचार-प्रसार के साथ ही युवाओं से इसके लिए आवेदन लेने को कहा है। इस योजना का नोडल विभाग कौशल विकास विभाग को बनाया गया है। 10 वीं पास से लेकर स्नातक और आइटीआइ करने वाले युवा इस योजना के अंतर्गत पात्र बन सकते हैं। केंद्र सरकार की ओर से देश के युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की शुरुआत की गई है। योजना के तहत आवेदकों को देश की शीर्ष 500 कंपनियों में इंटर्नशिप करने का मौका दिया जाएगा। मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के लिए 21 से 24 वर्ष आयु के युवा ही पात्र होंगे। शर्त यह भी है कि ऐसे युवा जो किसी पूर्णकालिक रोजगार, शिक्षा में नहीं हैं और उनके परिवार का कोई सदस्य सरकारी सेवा में नहीं है और जिसके परिवार की आय आठ लाख से अधिक न हो, वही इसके पात्र होंगे। चयनित युवाओं को पांच हजार रुपये मासिक भत्ता भी दिया जाएगा, जिसमें से 4500 रुपये केंद्रीय कारपोरेट मामलों का मंत्रालय और 500 रुपये संबंधित कंपनी प्रदान करेगी। इसके अलावा सरकार द्वारा छह हजार रुपये एकमुश्त सहायता के रूप में भी दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को https://pminternship.mca.gov.in/ पर जाकर अपना पंजीकरण कराना होगा। मुख्य सचिव ने सभी जिलों व विभागों को 15 नवंबर तक इस पर कार्यवाही करते हुए शासन को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
You may also like
-
2 जुलाई को उत्तराखंड के 13 जिलों में होगी मानसून मॉक ड्रिल, 70 स्थानों पर परखी जाएंगी तैयारियां
-
VHP मार्गदर्शक मंडल की बैठक में लिए गए अहम फैसले, इन मुद्दों पर कानून बनाने की मांग
-
बहुराष्ट्रीय FMCG कंपनी पर लगा 3 लाख का जुर्माना निरस्त, ‘महा वैल्यू’ को झूठा-भ्रामक संदेश साबित नहीं कर पाया अभियोजन
-
पशुपालकों की आमदनी के खुलेंगे द्वार, उत्तराखंड बनने जा रहा देश का पहला राज्य
-
उत्तराखंड में कल 21,000 से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे NEET री-एग्जाम, बसों में फ्री यात्रा की सुविधा