कांग्रेस हाईकमान के हस्तक्षेप के बाद केदारनाथ उपचुनाव के अवसर पर प्रत्याशी चयन को लेकर पार्टी के भीतर चल रही खींचतान पर विराम लग गया। प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति की शनिवार को हुई बैठक में आपसी मतभेद भुलाकर उपचुनाव में पूरी शक्ति झोंकने पर सहमति बनी। वरिष्ठ नेताओं को उपचुनाव में दायित्व साैंपे जाएंगे। प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि पार्टी एकजुट होकर उपचुनाव लड़ेगी। केदारनाथ मंदिर की भंग की गई परंपरा और मर्यादा को कांग्रेस पुन: स्थापित करेगी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार दोपहर समन्वय समिति की बैठक में केदारनाथ उपचुनाव एवं निकाय चुनाव की रणनीति तय की गई। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पार्टी उपचुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ राज्य की मूलभूत समस्याओं को उठाकर जनता की आवाज बनेगी। पार्टी अपनी तैयारी पूरी कर चुकी है। बूथों से लेकर मंडलम व ब्लाक व नगर इकाइयों के प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं। जनता के बीच बिगड़ते सामाजिक सौहार्द, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, आपदा से नुकसान, विद्युत दरों में बेतहाशा वृद्धि को पार्टी मुद्दा बनाएगी। केंद्र व राज्य की सरकारों की नाकामी काे जनता तक पहुंचाया जाएगा।
धाम को बांटने के लिए भाजपा को माफ नहीं करेंगे बाबा केदार: यशपाल आर्य
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार ने हम सबके आराध्य केदारनाथ धाम को बांटने का काम किया है। बाबा केदार भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल अपने स्वार्थ के लिए काम करती है। जन सरोकारों से सत्ताधारी दल का कोई लेना-देना नहीं है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार केदारनाथ उपचुनाव में भी चंपावत, मंगलौर और बदरीनाथ के उपचुनाव की भांति अराजकता का वातावरण बनाना चाहती है। कांग्रेस कार्यकर्ता इसका मजबूती से जवाब देगा। बैठक में उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व मंत्री डा हरक सिंह रावत, नवप्रभात व हीरा सिंह बिष्ट, विधायक विक्रम नेगी व ममता राकेश, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, एनएसयूआइ प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी एवं प्रदेश सेवा दल की मुख्य संगठन हेमा पुरोहित ने भी सुझाव दिए।
उपचुनाव के लिए विक्रम नेगी व मनोज तिवारी प्रभारी नियुक्त
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को हो रहे उपचुनाव के लिए विधायक विक्रम सिंह नेगी एवं विधायक मनोज तिवारी को प्रभारी नियुक्त किया है। दो सह प्रभारियों के रूप में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण व जयेंद्र रमोला की तैनाती की गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रभारियों एवं सह प्रभारियों को केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है।
You may also like
-
एसआईआर प्रक्रिया की शिकायत को लेकर कांग्रेसी विधायक लामबंद, जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जताया विरोध
-
देहरादून पुलिस की शातिर गैंगस्टर रईस से मुठभेड़, बदमाश के दोनों पैरों में लगी गोली, नवाब नाम का अपराधी फरार
-
उत्तराखंड में इन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी, रखें अपना ध्यान
-
कृषि मंत्री ने किसानों के लंबित भुगतान एक सप्ताह में करने दिए निर्देश, बागवानी बढ़ाने पर दिया जोर
-
Google Pixel 11 Pro Fold भारत में लॉन्च: जानिए कीमत, फीचर्स और खास बातें