कांग्रेस नगर निकाय चुनावों में पहले नगर निगमों में महापौर पद के प्रत्याशियों की घोषणा की जा सकती है। इनमें भी सबसे पहले देहरादून नगर निगम को लेकर निर्णय हो सकता है। जिलों में नियुक्त प्रभारियों ने अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को बुधवार से सौंपनी प्रारंभ कर दी है। गुरुवार तक सभी प्रभारी अपनी रिपोर्ट सौंप सकते हैं। उधर, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक कर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए बनाए जा रहे पैनल को लेकर मंथन किया। प्रदेश में कुल 100 नगर निकायों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद और 46 नगर पंचायतें हैं। निकाय चुनाव में महापौर एवं अध्यक्ष के साथ ही वार्ड सदस्यों के पदों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर कांग्रेस ने मशक्कत शुरू कर दी है।
सात जिलों से रिपोर्ट मिलने की सूचना
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी 13 जिलों में नियुक्त किए गए प्रभारियों को बुधवार तक रिपोर्ट सौंपने को कहा था। बुधवार शाम तक लगभग सात जिलों से रिपोर्ट मिलने की सूचना है। गुरुवार तक सभी प्रभारी अपनी रिपोर्ट सौंप देंगे। नगर निगमों में महापौर एवं शेष निकायों में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के चयन को लेकर मुख्य विपक्षी दल सतर्कता से कदम बढ़ा रही है।
बैठक में कई नेता हुए शामिल
इसे लेकर बुधवार देर शाम तक नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के आवास पर वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व गणेश गोदियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत और उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी समेत कई लोग शामिल हुए।
नगर निगम में महापौर के 11 पद
आपको बता दें कि वरिष्ठ नेताओं के मंथन के केंद्र में नगर निगम में महापौर के 11 पद हैं। इन पदों पर प्रत्याशियों के चयन के लिए पैनल बनाने पर विचार विमर्श किया गया। मुख्य रूप से देहरादून नगर निगम में महापौर पद के साथ 100 वार्डों के सदस्यों की सूची तय की जानी है। दून में महापौर की प्रतिष्ठापूर्ण सीट अनारक्षित है।
कांग्रेस से दावेदारों की सूची हो रही लंबी
ऐसे में कांग्रेस से दावेदारों की सूची हर दिन लंबी होती जा रही है। इस सीट के साथ ही वार्ड सदस्यों को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं की ओर से समर्थकों के नाम सामने रखे जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सबसे पहले देहरादून नगर निगम में प्रत्याशियों को लेकर स्थिति साफ की जा सकती है, ताकि भाजपा को टक्कर देने के लिए प्रत्याशी को पर्याप्त समय मिल सके। वहीं नगर निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के दृष्टिगत भाजपा की कसरत अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। दावेदारों का पैनल तैयार करने के लिए जिलों में भेजे गए पर्यवेक्षकों के साथ बैठकों का क्रम बुधवार को पूरा हो गया। अब भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की गुरुवार शाम को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में होने वाली बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया जाएगा।
You may also like
-
उत्तरकाशी: पापड़गाड़ में फिर धंसा गंगोत्री हाईवे, तेजी से चौड़ी होती गई दरार, क्यार्क गांव पर मंडराया खतरा
-
श्रीनगर बेस अस्पताल में शुरू हुई अत्याधुनिक डिजिटल अल्ट्रासाउंड सेवा, पहाड़ के मरीजों को बड़ी राहत
-
हरिद्वार में कार में छिपकर बैठा था 7 फीट लंबा रेड स्नेक, मचा हड़कंप
-
गणेश गोदियाल ने ली कांग्रेस की बूथ-ब्लॉक और मंडल कार्यकर्ताओं की बैठक, बांकीपुर और दतिया में बीजेपी की हार से दिखे उत्साहित
-
आस्था, तप, संयम का महासंगम: पौराणिक काल से ड्रोन युग तक कितनी बदली कांवड़ यात्रा? जानें पैदल कांवड़ क्यों मानी जाती है श्रेष्ठ