शिक्षा के बाद अब उत्तराखंड वन विभाग में फर्जीवाड़े की दस्तक! रडार पर वन दारोगा और आरक्षी

सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला अब उत्तराखंड के वन विभाग तक पहुंच गया है.

देहरादून: उत्तराखंड में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने का सिलसिला अब वन विभाग तक पहुंच गया है. अब तक ऐसे मामले सबसे ज्यादा शिक्षा विभाग में सामने आते रहे हैं, जहां फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी पाने वाले कई शिक्षकों को जांच के बाद बर्खास्त किया जा चुका है. लेकिन अब वन विभाग में भी वन दारोगा और वन आरक्षियों की नियुक्तियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

विभाग में लगातार मिल रही शिकायतों ने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है. वन विभाग में सामने आ रहे मामलों की फेहरिस्त भी लंबी होती जा रही है. एक वन आरक्षी को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पाने की शिकायत पर नोटिस जारी किया जा चुका है. वहीं एक डिप्टी रेंजर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद उसे भी नोटिस भेजने की तैयारी है.

इसके अलावा दो वन दारोगाओं के खिलाफ भी शिकायतें विभाग तक पहुंची हैं. इनमें से एक वन दारोगा के संबंध में हाल ही में हरिद्वार से शिकायत मिली है. इस मामले में विभाग जल्द निर्णय ले सकता है. वहीं एक अन्य वन आरक्षी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन है.

वन विभाग को लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं. विभाग इन मामलों को गंभीरता से ले रहा है और कुछ प्रकरणों में नोटिस भी जारी किए गए हैं. नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामलों की अलग-अलग जांच कराई जाएगी. यदि जांच में शिकायतें सही पाई जाती हैं और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
– पीके पात्रो, सीसीएफ, एचआरडी –

इन शिकायतों में फर्जी जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी और नौकरी हासिल करने के लिए गलत एफिडेविट प्रस्तुत करने जैसे आरोप शामिल हैं. यानी सवाल केवल शैक्षिक योग्यता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आरक्षण का लाभ लेने और नियुक्ति प्रक्रिया में प्रस्तुत किए गए दूसरे दस्तावेजों की प्रमाणिकता भी जांच के दायरे में है.

प्रदेश में इस तरह के मामले सामने आना बेहद गंभीर है. फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करने से योग्य युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होते हैं. साथ ही ऐसे मामलों से फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों को भी बढ़ावा मिलता है. सुझाव है कि इस तरह के मामलों की जांच के लिए अलग से विशेष टीम गठित होनी चाहिए, जो प्रशिक्षित होने के साथ केवल ऐसे प्रकरणों की जांच पर केंद्रित रहे.
– नीरज कोहली, वरिष्ठ पत्रकार –

वन विभाग में लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच अब निगाहें विभागीय जांच पर हैं. बड़ा सवाल यह भी है कि नियुक्ति के समय इन दस्तावेजों का सत्यापन किस स्तर पर हुआ और यदि गड़बड़ी हुई तो इसकी जिम्मेदारी किसकी तय होगी.

Categories