स्वास्थ्य विभाग ने सीजनल इन्फ्लुएंजा एवं श्वसन संक्रमण के लिए जारी की एडवाइजरी, सावधानी बरतने के दिए निर्देश

सीजनल इन्फ्लुएंजा एवं श्वसन संक्रमण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है. साथ ही सावधानी बरतने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं.

देहरादून: देश के कुछ राज्यों में सीजनल इन्फ्लुएंजा एवं श्वसन संबंधी मामलों में वृद्धि देखी जा रही है. जिसके चलते उत्तराखंड सरकार ने राज्य में सावधानी बरतने संबंधित दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं. स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय की ओर से सभी जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को बचाव एवं रोकथाम संबंधित दिशा निर्देश जारी किए गए हैं.

दरअसल, केन्द्र सरकार के अपर सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की कि ओर से जारी निर्देशों के आधार पर उत्तराखंड सरकार ने सीजनल इन्फ्लुएंजा एवं श्वसन तंत्र सम्बन्धित रोगों के संभावित बढ़ते प्रकोप को देखते सभी जिलों को सतर्क रहने और तत्काल रोकथाम की कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं. प्रदेश के सभी जिलों की ओर से नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा की जानी है और सभी जिलों मे इन्फ्लूएंजा/निमोनिया रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए दिशा- निर्देशों के पालन पर जोर दिया गया है.

जिसके तहत सभी चिकित्सा संस्थानों (मेडिकल कॉलेज, जिला, बेस, संयुक्त, CHC, PHC तक) में इन्फ्लुएंजा/निमोनिया रोगियों के उपचार के लिए पर्याप्त आइसोलेशन बेड/वॉर्ड, ऑक्सीजन बेड, ICU बेड, वेंटिलेटर तथा ऑक्सीजन सिलेंडर आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए है. इसके साथ ही प्रदेश के मेडिकल कॉलेज से लेकर पीएचसी स्तर ताज के सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों (जैसे Oseltamivir कैप्सूल/सिरप, आवश्यक एंटीबायोटिक्स), व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE), N-95 मास्क, VTM वायरल की पूरी उपलब्धता के साथ ही चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था रखे जाने को कहा गया है.

स्वास्थ्य सचिव की ओर से जारी दिशा- निर्देश में आम जनता को भी सावधानी बरतने की बात कही गई है. जिसके तहत छींकते या खांसते समय नाक-मुंह को रूमाल या टिश्यू से ढकें. साबुन-पानी से नियमित हाथ धोएं. सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से परहेज करें. ILI (इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी) और SARI (गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण) के लक्षण होने पर चिकित्सीय परामर्श लें और सिर्फ डॉक्टर की सलाह पर दवाइयां उपयोग करें. बच्चों, बुजुर्गों तथा किसी गंभीर रोग से ग्रसित लोगों के प्रति विशेष सतर्कता बरती जाए.

आईडीएसपी एवं स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केन्द्र (HEOC) उत्तराखंड के जरिए मौसमी इन्फ्लुएंजा की स्थिति पर वास्तविक समय (Real-time) के आधार पर लगातार निगरानी की जा रही है. मौसमी इन्फ्लुएंजा के चलते किसी भी प्रकार की असमान्य स्थिति होने पर तत्काल आईडीएसपी एवं स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केन्द्र (HEOC) उत्तराखंड को सूचित किया जाए. किसी प्रकार की जानकरी या त्वरित सूचना के लिए राज्य सर्विलांस अधिकारी, आईडीएसपी डॉ. पंकज सिंह या फिर (idsputtarakhand@gmail.com,uttarakhandheoc@gmail.com) पर सम्पर्क करें.

Categories