टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले की जांच अब देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंच गई है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की नई दिल्ली रेंज ने हथियारों की सप्लाई व आरोपियों के बीच संपर्क में कथित भूमिका निभाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) व बबीता (23) के तौर पर हुई है. कुणाल व सुमित हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं, जबकि राधा व बबीता उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक चारों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया. इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) की मुंबई टीम ने आरोपियों से हिरासत में पूछताछ व औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी. कोर्ट ने आवेदन स्वीकार करते हुए चारों की औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति दी. मुंबई ले जाने के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की.
जांच में सामने आया है कि कुणाल व सुमित पर कथित तौर पर हथियारों की व्यवस्था करने का आरोप है, जबकि राधा व बबीता पर इन हथियारों को मुंबई तक पहुंचाने और वहां शूटरों तक पहुंचाने में भूमिका निभाने का संदेह है. दोनों महिलाएं ट्रेन से मुंबई गई थीं और वहां एक व्यक्ति से संपर्क कर हथियार सौंपे गए थे. पुलिस अब आरोपियों के बीच संपर्क, हथियारों की आवाजाही व इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
इस मामले में इससे पहले तीन कथित शूटरों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया जा चुका है. इन आरोपियों को बाद में मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया था. इस तरह दिल्ली से हुई चार गिरफ्तारियों के बाद मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है.
बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी. घटना के दौरान अभिनेता सुरक्षित रहे. घटना की जिम्मेदारी लॉरेन्स बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित ने ली है. वह भी हरियाणा के सोनीपत का है. पुलिस इस पूरे मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क, शूटरों के संपर्क व कथित तौर पर उन्हें निर्देश देने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. जांच में सामने आए संभावित गैंग कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है. फिलहाल चारों आरोपियों को मुंबई ले जाकर आगे की पूछताछ की जानी है.
You may also like
-
उत्तराखंड में 23 अक्टूबर से फिर करवट लेगा मौसम, इन जिलों में होगी बारिश और बर्फबारी
-
Asian Para Games 2026: तीसरे दिन भारत ने 3 गोल्ड के साथ की शानदार शुरुआत, कुल मेडल की संख्या 48 तक पहुंची
-
उत्तराखंड के मदरसों में अब जुमे को छुट्टी नहीं होगी, धामी सरकार ने लिया ये फैसला
-
अजित डोभाल पर राहुल गांधी के विवादित आरोपों के समर्थन में आए हरीश रावत, विरोध को बताया नासमझी
-
मसूरी में धूमधाम से मना दशहरा, श्रीराम की झांकियों पर पुष्पवर्षा, गांधी चौक पर रावण दहन, हनुमान के पात्र बने आकर्षण