शांतिकुंज से 50 नेपाली कार्यकर्ताओं और स्थानीय गायत्री परिजनों का सेवा दल प्रभावित इलाकों के लिए रवाना हुआ है
हरिद्वार: शांतिकुंज हरिद्वार आध्यात्मिक जागरण के साथ-साथ समाज सुधार, नैतिकता और जनकल्याण के कई महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य करता है. बुधवार को पड़ोसी देश नेपाल में फ्लैश फ्लड के रूप में भीषण प्राकृतिक आपदा आई है. वहां के पीड़ितों की मदद के लिए शांतिकुंज हरिद्वार से सेवा दल रवाना हुआ है.
शांतिकुंज हरिद्वार का सेवा दल नेपाल रवाना: नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार ने राहत अभियान शुरू किया है. शांतिकुंज हरिद्वार से राहत सामग्री नेपाल भेजी जा रही है. शेल जीजी और डॉ. चिन्मय पंड्या ने बताया कि करीब 50 नेपाली कार्यकर्ताओं और स्थानीय गायत्री परिजनों का सेवा दल प्रभावित इलाकों के लिए रवाना हुआ है.
तिरपाल, राशन और दवाइयां पहुंचाएगा दल: शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा आपदा प्रभावित परिवारों तक तिरपाल, राशन, आवश्यक दवाइयां और रोजमर्रा की जरूरत का सामान पहुंचाया जाएगा. बाढ़ में कई परिवारों के घर और जरूरी सामान तबाह हुए हैं. ऐसे में राहत दल का प्रयास प्रभावित लोगों को तत्काल जरूरत की चीजें उपलब्ध कराना है.
सेवा को माना मानवीय दायित्व: गायत्री परिवार ने कहा कि नेपाल और भारत के बीच लंबे समय से सांस्कृतिक और आत्मीय संबंध रहे हैं. ऐसे में नेपाल के लोगों पर आई विपदा में उनके साथ खड़ा होना संगठन के लिए केवल राहत कार्य नहीं, बल्कि मानवीय दायित्व है. संगठन के अनुसार, परमपूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा की सेवा भावना से प्रेरणा लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है.
राहत के साथ भरोसे का संदेश: गायत्री परिवार का कहना है कि प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही सामग्री उनके लिए सिर्फ जरूरी सामान नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में किसी के साथ खड़े होने का भरोसा भी है. संगठन ने बाढ़ में जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. शांतिकुंज से नेपाल के लिए रवाना हुआ सेवा दल राहत के साथ करुणा, अपनत्व और मदद का संदेश लेकर पहुंच रहा है.
You may also like
-
बदरीनाथ एनएच के शराब ठेके पर खूनी विवाद, स्थानीय निवासी पर जानलेवा हमला, धरने पर बैठीं महिलाएं
-
पिथौरागढ़ में बाढ़ में बहा 170 फीट लंबा बैली ब्रिज, चीन सीमा से संपर्क कटा, धारचूला-तवाघाट-गुंजी मार्ग बंद किया गया
-
हरीश रावत ने कांग्रेस के सभी पदों से दिया इस्तीफा, पूर्व पीए के ठिकानों से नकदी-ज्वेलरी बरामदगी के बाद लिया फैसला
-
3.5 लाख खिलाड़ियों का डाटा चोरी मामला, खेल विभाग ने दर्ज कराया मुकदमा, सर्विस प्रोवाइडर कंपनी ने लगाया ये आरोप
-
14 या 15 सितंबर? कब है गणेश चतुर्थी? जानें मूर्ति स्थापना का सबसे सटीक और शुभ मुहूर्त